|
| भाजपा और केंद्र सरकार को बुधवार को उस समय करारा झटका लगा जब सुप्रीम कोर्ट ने अरूणाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बहाल करने का आदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में पूर्ववत स्थिति को कायम किया जाए। कोर्ट ने अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल के जनवरी के सभी फैसलों को रद्द कर दिया जिसके मद्देनजर नबाम तुकी सरकार गिर गई थी। कोर्ट ने कहा कि ये फैसले संविधान का उल्लंघन करने वाले थे।सुप्रीम कोर्ट का फैसला कांग्रेस के लिए बड़ी राहत लेकर आया और इससे अरूणाचल में नबाम तुकी की बर्खास्त सरकार की सत्ता में वापसी का रास्ता साफ हो गया। तुकी ने बुधवार रात दिल्ली स्थित अरूणाचल भवन में मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाल लिया। इस बीच प्रधानमंत्री आवास पर उच्च स्तरीय बैठक के बाद अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने कहा कि कोर्ट के फैसले का अनुपालन होगा और राज्यपाल सभी जरूरी कदम उठायेंगे।
|