|
| साउथ सूडान में फंसे अपने 600 नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार ने दो C-17 विमान जुबा भेजा है। भारत सरकार ने इसे ऑपरेशन संकटमोचन का नाम दिया है और इस अभियान का नेतृत्व विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह कर रहे हैं। जनरल वीके सिंह ने गुरुवार सुबह सूडान रवाना होने से पहले ट्वीट कर कहा कि वह साउथ सूडान में फंसे हर भारतीय को देश लाने की पूरी कोशिश करेंगे। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि सरकार ने दक्षिण सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए इंतजाम किये हैं और युद्ध प्रभावित देश के घटनाक्रम पर करीबी नजर रखने के लिए कार्यबल का गठन किया है। सुषमा ने एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें विदेश मंत्रालय के दोनों राज्यमंत्री वीके सिंह और एमजे अकबर एवं विदेश सचिव एस जयशंकर शामिल हुए। इसमें भारतीय नागरिकों को आपातकालीन सहायता के समन्वय के तरीकों पर चर्चा की।
|