|
| सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में तुर्की के नये दूतावास के परिसर के पास विस्फोटकों से लदे एक वाहन में सवार आत्मघाती हमलावर ने उसमें समय से पहले विस्फोट कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि हमलावर को समुद्रतट के किनारे स्थित दूतावास के पास एक जांच बिंदु पर रूकने का आदेश दिया गया। उसके ऐसा ना करने पर पुलिस ने कार पर गोली चलायी। कैप्टन मोहमद हुसैन ने कहा कि चालक ने सड़क के बीचो बीच कार में विस्फोट कर दिया। हमले में किसी और व्यक्ति के मारे जाने की जानकारी नहीं है। हमलावर के निशाने के बारे में जानकारी अस्पष्ट है। आतंकी समुद्र तट के पास बने रेस्त्रांओं में पूर्व में कई बार हमले कर चुके हैं।
|