|
| कश्मीर में लगातार 51 दिन से जारी कर्फ्यू सोमवार को हटा दिया गया। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 51 दिनों के बाद सोमवार को समूची कश्मीर घाटी से कर्फ्यू हटाने की घोषणा की है जबकि श्रीनगर और पुलवामा के कुछ इलाकों में लोगों के जमा होने पर पाबंदी जारी रहेगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर के व्यावसायिक क्षेत्र, शहर-ए-खास और अनंतनाग को छोड़ घाटी के ज्यादातर इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार आने के मद्देनजर पुलवामा के मुख्य शहरी क्षेत्र तथा श्रीनगर के एमआर गंज एवं नौहट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों को छोड़कर शेष सभी क्षेत्रों से कल से प्रतिबंध हटा लिए जाएंगे।
अनंतनाग जिले में गत आठ जुलाई को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के शीर्ष कमांडर बुरहान वानी और दो अन्य आतंकवादियों के मारे जाने की घटना के दूसरे दिन 9 जुलाई से कश्मीर घाटी में लागू कर्फ्यू, निषेधाज्ञा और हड़ताल के लगातार 51 दिनों तक जारी रहने के कारण घाटी में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इस दौरान सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में 70 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर युवा हैं जबकि छह हजार अन्य घायल हो गए, जिनमें ज्यादातर सुरक्षाकर्मी हैं। घाटी में स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अनंतनाग के अशाजिपोरा और संगम तथा शोपियां के नादिगाम में प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव की घटना छोड़ कर बाकी इलाकों में स्थिति शांतिपूर्ण रही।
|