Visitors online: 002

योगेंद्र यादव : अब दिल्ली के शासन में नहीं रही "आप" की रूचि

Home » Headlines

दिल्ली सरकार का केंद्र के साथ लगातार टकराव होने के बीच स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने आज आप पर यह कहते हुए जोरदार हमला बोला कि राजधानी के शासन में उसकी "न्यूनतम रूचि" है और वह दिल्ली का इस्तेमाल अन्य राज्यों में प्रभाव जमाने के लिए कर रही है। एक समय में आप के एक प्रमुख विचारक और अब गत दो ऑक्टबर को स्थापित स्वराज इंडिया के अध्यक्ष यादव ने जोर देकर कहा कि आप का ध्यान बाहरी राज्यों में है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के संसाधनों और उसके महत्व का इस्तेमाल अपनी पार्टी का प्रभाव विस्तारित करने के लिए कर रहे हैं। ऐसा करके उन्होंने राजधानी दिल्ली के नागरिकों को मंझधार में डाल दिया है।
 
पिछले वर्ष "पार्टी विरोधी" गतिविधियों के लिए आप से निष्कासित किये गए यादव ने केजरीवाल आप मंत्रियों और विधायकों की आलोचना ऐसे समय में "अक्सर दिल्ली से बाहर रहने" के लिए की जब दिल्ली वेक्टर जनित बीमारियों से जूझ रही है। यादव ने एक साक्षात्कार में कहा, "आप सरकार दिल्ली का इस्तेमाल मात्र आगे बढ़ने के लिए कर रही है। वे मूल रूप से दिल्ली के संसाधनों और महत्व का इस्तेमाल पंजाब, गोवा में प्रभाव जमाने के लिए कर रहे हैं।" यादव ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस फैसले का उल्लेख किया जिसमें उसने उपराज्यपाल को दिल्ली का प्रशासनिक प्रमुख बताया था। उन्होंने कहा कि उस आदेश के बाद आप की शासन में रूचि समाप्त हो गई है।
 
उन्होंने आप पर उसके "दिल्ली शासन मॉडल" पर हमला बोला और कहा कि पार्टी प्रचार को लेकर नासमझ है और अक्सर अपने ही दावे को काटती है। उन्होंने कहा, "आप दो चीजें एक ही समय पर नहीं कह सकते। आप यह नहीं कह सकते कि मेरे पास पुलिस और जमीन नहीं है और मैं कुछ भी नहीं कर सकता तथा उसके बाद आप कहते हैं कि आपने दिल्ली को बदल दिया। यह दिल्ली का शासन मॉडल हैं और इसे सभी को अपनाना चाहिए।" 
 
नयी पार्टी स्वराज इंडिया ने घोषणा की है कि वह एमसीडी चुनाव लड़ना चाहती है और दावा किया कि उसकी 200 वार्डों में मौजूदगी है। यादव ने कहा, "हम दिल्ली एमसीडी चुनाव लड़ने पर सक्रियता से विचार कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के हमारे कुछ बहुत ही अच्छे कार्यकर्ता दिल्ली से आते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं का सबसे अधिक आधार दिल्ली में है।" यह पूछे जाने पर कि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव क्यों नहीं लड़ना चाहती, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी "वोट कटवा" नहीं बनना चाहती।
 
यादव ने कहा कि उनकी पार्टी आप के बागी सांसद धर्मवीर गांधी के राजनीतिक मोर्चे का समर्थन करेगी। केवल इसलिए कि हमने एक राजनीतिक पार्टी का गठन किया है, इसका यह मतलब नहीं कि हम हर जगह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने केजरीवाल पर उनके उस ट्वीट के लिए हमला बोला जिसमें उन्होंने कहा है कि दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद वह एक कलम भी नहीं खरीद सकते। यादव ने यह दावा करते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा कि उसके बाद उन्होंने 600 फॉगिंग मशीनें खरीदने का आदेश दिया।
 
दिल्ली में वेक्टर जनित बीमारियां फैलने का उल्लेख करते हुए यादव ने भाजपा और केंद्र पर भी हमला बोला। दिल्ली में शासन के लिए जिम्मेदार सभी ताकतों ने उसे छोड़ दिया है। दिल्ली में शासन की पूरी तरह से कमी है। दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल कार्यालय, डीडीए दिल्ली में वर्तमान समय में कोई शासन नहीं है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links